नूंह। जिले के खंड पिनगवां स्थित गांव पापड़ा में आयोजित जन सुनवाई एवं रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त अखिल पिलानी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह किसी एक गांव में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, ताकि प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर लोगों की शिकायतों का निपटारा कर सके। कार्यक्रम में गांव पापड़ा और आसपास के गांवों से करीब 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। ग्रामीणों ने राजकीय मिडिल स्कूल को अपग्रेड करने की मांग रखी, जिस पर उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सरपंच खलील अहमद ने भी गांव के विकास से जुड़ी मांगें रखीं, जिन्हें डी-प्लान व जिला परिषद के माध्यम से पूरा किया जाएगा। बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर भी प्रशासन ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिया। संवाद