लखनऊ। सुल्तानपुर से मुंबई के बीच डुप्लीकेट पुष्पक एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन अगले सप्ताह शुरू हो सकती है। सिर्फ नवंबर तक इसका संचालन होगा। इसके लिए रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल गई है।
दीपावली व छठ पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पुष्पक एक्सप्रेस की डुप्लीकेट ट्रेन चलाने की मांग उठी थी। लखनऊ जंक्शन पर ट्रेनों का लोड अधिक होने के कारण पहले इसे गोमती नगर स्टेशन से चलाने की योजना बनाई गई, लेकिन अब इसे सुल्तानपुर से मुंबई के लिए चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि डुप्लीकेट पुष्पक एक्सप्रेस का रैक तैयार है। अगले हफ्ते तक नोटिफिकेशन जारी करते हुए संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस ट्रेन के सुल्तानपुर से लखनऊ पहुंचने का समय सुबह में रखने की तैयारी है। ट्रेन में जनरल, स्लीपर, थर्ड, सेकंड और फर्स्ट एसी की बोगियां होंगी। अभी लखनऊ के रास्ते मुंबई के लिए गोरखपुर-एलटीटी, पुष्पक, कुशीनगर, अवध एक्सप्रेस आदि ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जिनमें लंबी वेटिंग चल रही है।