बस में लगी आग पर काबू पाती दमकल विभाग की टीम।
नोएडा। सेक्टर-28 विश्व भारती स्कूल के पास बृहस्पतिवार शाम को डीटीसी की बस में आग लग गई। उस समय बस में 10 यात्री सवार थे। चलती बस में आग लगने से अफरातफरी मच गई। चालक ने तुरंत बस को रोक कर सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने तीन दमकल वाहनों की मदद से करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
बृहस्पतिवार को दिल्ली के नंद नगरी डिपो की बस भजनपुरा से नोएडा रूट पर चल रही थी और सेक्टर-43 की तरफ जा रही थी। शाम करीब साढ़े चार बजे बस जब सेक्टर-28 स्थित विश्व भारती स्कूल के पास पहुंची तो उसके पिछले हिस्से में इंजन में आग लग गई। देखते ही देखते आग बढ़ने लगी और धुएं के साथ लपटें उठने लगीं। उस वक्त बस में करीब 10 यात्री सवार थे। आग का पता चलते ही चालक ने बस को रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया।