फेसबुक पर निवेश का लिंक भेजकर रिटायर्ड बैंक मैनेजर से 1.05 करोड़ रुपये ठगे
- क्रिप्टोकरेंसी और आईपीओ में मोटे मुनाफे का दिया झांसा, 22 बार में अलग-अलग खातों में जमा कराई रकम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सोशल मीडिया पर निवेश के प्रस्ताव के झांसे में आकर एक बुजुर्ग ने साइबर ठगों के हाथों 1.06 करोड़ रुपये गंवा दिए। जालसाजों ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के सेवानिवृत्त सीनियर मैनेजर को क्रिप्टोकरेंसी, आईपीओ और ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। फेसबुक से शुरू हुआ संपर्क व्हाट्सएप ग्रुप तक पहुंचा और फिर निवेश के नाम पर 22 बार में उनसे एक करोड़ पांच लाख 77 हजार 33 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। रकम निकालने के दौरान अतिरिक्त टैक्स जमा करने की मांग हुई तो पीड़ित को ठगी का शक हुआ। साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सेक्टर-55 निवासी 70 वर्षीय प्रमोद चोपड़ा पीएनबी में सीनियर मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 24 जुलाई 2026 को फेसबुक चलाते समय अदिथी राज नाम के व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। इसे स्वीकार करने के बाद उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलने पर वॉल्ट-रेक्स डॉट कॉम नाम की वेबसाइट खुली। यहां आईपीओ, क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए निवेश करने के विकल्प दिखाए गए।
आरोप है कि फेसबुक के जरिए संपर्क में आए व्यक्ति ने उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के पटपड़गंज स्थित पीएनबी शाखा के अपने दो बैंक खातों से रकम ट्रांसफर करनी शुरू कर दी। 24 जुलाई से 28 सितंबर 2026 के बीच कुल 22 लेनदेन में 1,05,77,033 रुपये ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में भेज दिए। पीड़ित ने 28 सितंबर को निवेश की रकम निकालने का प्रयास किया तो जालसाजों ने टैक्स के नाम पर और रुपये जमा करने को कहा। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला। एसीपी साइबर विवेक रंजन राय ने बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।