- थूककर पिज्जा बनाना पड़ा महंगा, वायरल वीडियो ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
- सेक्टर-22 में पिज्जा हंट के नाम से चलाता है दुकान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिस पिज्जा को देखकर मुंह पर पानी आ जाता था, वहीं उसका वीडियो देखकर लोगों के होश उड़ गए। चौड़ा गांव स्थित पिज्जा हंट नाम की दुकान में थूककर पिज्जा बनाने का मामला सामने आने के बाद लोग अक्रोशित हैं। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने चौड़ा गांव में पिज्जा दुकान चला रहे संचालक को मौके से पकड़ लिया। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गिझौड़ गांव निवासी मुजम्मिल सेक्टर-22 चौड़ा गांव में पिज्जा हंट के नाम से दुकान चलाता है। यह दुकान करीब चार वर्ष से संचालित हो रही है। दुकान पर काम करने वाले एक स्टाफ ने हिंदू रक्षा दल खोड़ा के अध्यक्ष सोनू शर्मा को सूचना दी कि दुकान पर अकेला होने के दौरान मुजम्मिल पिज्जा का बेस बनाने के दौरान थूकता है। यह जानकारी आने के बाद सभी चौंक गए। इसके बाद स्टाफ की मदद से पहले सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो थूकने की बात सही मिली। सोनू ने रविवार को मौके पर जाकर मुजम्मिल को पकड़ लिया। उससे इस बारे में बात की तो वह उल्टा धमकाने लगा। तब मौके पर हंगामा हो गया और हंगामा होता देख लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पहले तो आरोपी ने थूकने से साफ मना किया लेकिन जब उसे सीसीटीवी फुटेज दिखाया गया तब उसने फूंक मारने की बात कहकर बातों को घुमाने का प्रयास किया। कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।