वायु सेना में नौकरी के दौरान अनुमति लेकर की कानूनी पढ़ाई
-जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने फिर चुनाव लड़ने का बनाया मन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने दावा किया है कि वायु सेना में नौकरी करने के दौरान अनुमति लेकर ही कानूनी पढ़ाई की थी। उनके खिलाफ गलत सूचनाएं फैलाई जा रही है। उन्होंने फिर से बार अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने का मन बनाया है और इस संबंध में साथी अधिवक्ताओं से चर्चा करने की बात कहीं है।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया की अनुशासन समिति ने जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी के लाइसेंस निरस्तीकरण के आदेश पर अंतरिम रोेक लगा दी है। यूपी बार काउंसिल की अनुशासन समिति ने उनका लाइसेंस निरस्त कर दिया था। बीसीआई के आदेश पर अधिवक्ताओं ने खुशी जताई हैं और मिठाई बांटकर एक दूसरे को बधाई दी। वहीं प्रेसवार्ता कर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी ने कहा कि गलत तथ्यों के आधार पर उनके खिलाफ चुनिंदा लोग भ्रम फैला रहे हैं। उनकी एलएलबी की डिग्री को जांच में दो बार सहीं ठहराई जा चुकी है। उन्होंने वायु सेना से अनुमति लेने के बाद ही कानूनी पढ़ाई की थी। डिग्री निरस्त करने का अधिकार भी विश्वविद्यालय के पास होता है। बार अध्यक्ष ने विपक्षियों से जान का खतरा बताया है।