-10,000 वर्ग मीटर में नई पुलिस लाइन बनाने की है तैयारी, अभी 55 किलोमीटर दूर है पुरानी
-एयरपोर्ट के पास नई पुलिस लाइन बनाने के लिए यमुना प्राधिकरण को भेजा जाएगा प्रस्ताव
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास नई पुलिस लाइन का निर्माण किया जाएगा। पुलिस लाइन बनने के बाद पलक झपकते ही फोर्स एयरपोर्ट पहुंच जाएगी। एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद पुलिस ने यमुना सिटी में नई पुलिस लाइन बनाने की कवायद तेज हो गई है। एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग ने हवाई अड्डे के करीब ही पुलिस लाइन के निर्माण का निर्णय लिया है। इसके लिए यमुना विकास प्राधिकरण से 10 हजार वर्ग मीटर जमीन हासिल करने के लिए उन्हें जल्दी ही प्रस्ताव भेजा जाएगा।
सरकार नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने के लिए काम कर रही है। चौथे चरण का काम पूरा होने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा और यहां पर 5 रनवे होंगे। वहीं उड़ानें शुरू होने के बाद यहां पर देश के विभिन्न राज्यों से यात्री आएंगे। इसके साथ ही विदेशी मेहमानों का आवागमन भी होगा। इसलिए यहां की सुरक्षा व्यवस्था भी विश्व स्तरीय तय की जाएगी। पुलिस विभाग ने एयरपोर्ट के करीब ही जमीन लेकर नई पुलिस लाइन बनाने का निर्णय लिया है। एयरपोर्ट के करीब पुलिस लाइन होने से जरूरत पड़ने पर रिजर्व फोर्स पलक झपकते ही एयरपोर्ट पहुंच जाएगा।
अभी 55 किलोमीटर दूर है पुलिस लाइन : गौतमबुद्धनगर की वर्तमान पुलिस लाइन नोएडा में स्थित है। जो एयरपोर्ट परिसर से लगभग 55 किलोमीटर दूर है। पुलिस लाइन दूर होने के कारण जरूरत पड़ने पर एक्स्ट्रा फोर्स को आने में काफी समय लग जाता है। इस समस्या से निपटने के लिए नई पुलिस लाइन बनाने का निर्णय लिया गया है।
नई पुलिस लाइन के लिए तैयार हो गया है प्रस्ताव : पुलिस विभाग ने अपनी नई पुलिस लाइन के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है। प्रस्तावित परिसर में पुलिस विभाग की बीडीडीएस टीम, डॉग स्क्वाड, परिवहन शाखा, शस्त्रागार, प्रशिक्षण केंद्र, इमिग्रेशन स्टाफ के लिए बैरक, आवास, गैरेज और विभिन्न कार्यालय तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा जिले की सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाएं भी यहां मौजूद रहेंगी।
एयरपोर्ट की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नई पुलिस लाइन स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। एयरपोर्ट के पास पुलिस लाइन होने से जरूरत पड़ने पर पुलिस तत्काल एक्शन लेने में सक्षम रहेगी। नई पुलिस लाइन के लिए जल्दी ही प्रस्ताव तैयार करके प्राधिकरण से जमीन की डिमांड की जाएगी।
-राजीव नारायण मिश्रा, एडिशनल पुलिस कमिश्नर