नोएडा (संवाद)। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार युवकों को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों को सेक्टर-55 स्थित रेडिसन होटल, सेक्टर-57 में रेडिसन कट के पास शौचालय, सेक्टर-62 के रामलीला मैदान और छोटा डी पार्क के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 11 और 12 नवंबर की रात अलग-अलग पुलिस टीमें क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थीं। इस दौरान कुछ युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगे, जबकि एक मामले में मुखबिर की सूचना पर दबिश दी गई। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों की जेब से अवैध चाकू बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिसनपुरा निवासी रवि (24), दीपक कुमार (27), मुजफ्फरनगर निवासी जीतू कुमार (31) और मेरठ निवासी आरिफ उर्फ चीरा (27) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।