- पाली गांव में प्रेमी की दूसरी शादी पर महिला ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा
प्रेमी की दूसरी शादी पर प्रेमिका का हाईवोल्टेज ड्रामा! 5 घंटे तक बिजली के पोल पर चढ़ी रही महिला
- साढ़े पांच घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा और रेस्क्यू ऑपरेशन, बच्चे और पुलिसकर्मी लगाते रहे नीचे उतरने की गुहार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। पाली गांव में शनिवार को एक महिला प्रेमी की दूसरी शादी की बात से परेशान होकर हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गई। महिला को नीचे उतारने के लिए उसके दोनों बच्चे और पुलिसकर्मी लगातार गुहार लगाते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। हाईटेंशन लाइन के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बिजली विभाग और रेस्क्यू टीम को बुलाया। करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
मूलरूप से गोरखपुर निवासी पुष्पा (33) तिलपता में पति से विवाद के कारण तीन बच्चों के साथ अलग रहती है। महिला के दो लड़की व एक लड़का है। सभी की आयु 10 साल से कम की है। इसी दौरान वह दादरी में रहने वाले एक युवक के संपर्क में आने के कारण प्रेम करने लगी। आरोप है कि अब वह युवक किसी दूसरी महिला से शादी करने जा रहा है। इसी बात को लेकर महिला परेशान थी। इस कारण वह हाईटेंशन लाइन पर चढ़ गई।
शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। उसके बच्चे भी मां से नीचे आने की गुहार लगाते रहे, लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी रही। हाईटेंशन लाइन के चलते पुलिस के सामने उसे सुरक्षित नीचे उतारने की चुनौती थी। एहतियात के तौर पर नीचे जाल लगाया गया। इसके बाद बिजली विभाग की टीम और रेस्क्यू टीम ने मोर्चा संभाला। करीब साढ़े पांच घंटे तक समझाने और मशक्कत के बाद टीम महिला तक पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारा। एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता का कहना है कि महिला को सकुशल उतार लिया गया।
पोल के पास जमावड़ा लगा रहा : वहीं महिला को टावर पर चढ़ने की सूचना के बाद फायर विभाग की टीम भी पहुंची और जाल लगवाया। साथ ही बिजली विभाग की ओर से बिजली की लाइन को बंद किया गया है। साथ ही कर्मियों को बुलाकर उन्हें उपर चढ़ाया। महिला को उतारने के दौरान आसपास के लोगों का पोल के पास जमावड़ा लगा रहा।
छह नवंबर को भी टावर पर चढ़ी थी महिला : इससे पहले छह नवंबर को भी एक महिला एवीजे हाइट्स सोसाइटी के पास स्थित हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गई थी। उस समय भी उसने पुलिस से अपनी समस्या का समाधान कराने की गुहार लगाई थी। शनिवार को दोबारा इस तरह की घटना होने से पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई।