- विवाद के बाद साथियों को बुलाकर हमला, जान से मारने की धमकी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र में घंटा गोल चक्कर के पास स्थित एक ऑटो एजेंसी के सामने कर्मचारी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को एजेंसी संचालक की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
बिसरख के ईकोविलेज निवासी ऐदल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घंटा गोल चक्कर के पास सूरजपुर में उनकी मोनिका ऑटो एजेंसी है। बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे एजेंसी के सामने उनके कर्मचारी मनीष भाटी का एक अज्ञात युवक से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसके बाद उस युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। सभी ने एजेंसी के अंदर घुसकर लाठी-डंडों से मनीष से मारपीट की। मनीष के सिर में गंभीर चोट लगी, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रामपाल सिंह को सौंपी गई है।
लूटपाट और रंगदारी की धमकी का आरोप : एजेंसी के मालिक का आरोप है कि कुछ लोग अचानक शोरूम में घुस आए और वहां काम कर रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस दौरान शोरूम में लूटपाट और रंगदारी से जुड़ी धमकियां भी दी गईं। घटना के बाद कर्मचारियों में भय का माहौल है। मालिक ने सीएम से मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने की मांग की है।