नोएडा। सेक्टर-62 बाजार में दुकान के सामने और सेक्टर-10 स्थित मारुति सुजुकी शोरूम के सामने खड़ी बाइक चोरी हो गई। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मूलरूप से मुरादाबाद के बिलारी निवासी ओमवीर वर्तमान में गाजियाबाद के बहरामपुर में रहते हैं। ओमवीर के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 की शाम करीब सात बजे उन्होंने अपनी बाइक सेक्टर-62 की बी-ब्लॉक मार्केट में दुकान के सामने खड़ी की थी। इसके बाद वह खाना खाने चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटे तो बाइक वहां से गायब थी। पीड़ित ने सेक्टर-58 थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सेक्टर-22 के रघुनाथपुर गांव निवासी पवन कुमार के मुताबिक, वह 28 सितंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे अपनी बाइक से सेक्टर-10 स्थित मारुति सुजुकी एरेना शोरूम गए थे। उन्होंने बाइक शोरूम के सामने खड़ी की और अंदर चले गए। काम निपटाकर जब वह बाहर आए तो बाइक वहां नहीं मिली। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो