टप्पेबाजों ने पता पूछने के बहाने महिला से ज्वेलरी उतरवाई
- सुरभि अस्पताल के पास की घटना, पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-35 स्थित सुरभि अस्पताल के पास दो टप्पेबाजों ने पता पूछने के बहाने महिला से ज्वेलरी उतरवा ली। 25 मार्च की इस घटना के वक्त महिला दूध लेने घर से निकली थी। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोरना गांव निवासी श्याम कौशिक ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी मां राजरानी कौशिक 25 मार्च को घर के पास ओम डेरी से दूध लेने के लिए गई थीं। सुरभि अस्पताल के पास राजरानी को एक अनजान युवक मिला और पता पूछने लगा। तभी दूसरा युवक वहां आ गया और दोनों ने पता पूछने के बहाने उलझा दिया। एक युवक ने कागज दिखाते हुए राजरानी के चेहरे पर कुछ पदार्थ छिड़क दिया। इससे राजरानी बेहोशी की हालत में चली गईं। दोनों युवक राज रानी को एकांत जगह ले गए और उनसे सोने के कुंडल और अंगूठी उतरवा ली। होश में आने पर राजरानी घर पहुंची और घरवालों को जानकारी दी। इसके बाद इसकी शिकायत पुलिस से की गई। कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है और टप्पेबाजों का पता लगाया जा रहा है।