- सेक्टर-143बी की एसकेए ओरियन सोसाइटी के फ्लैट में शनिवार सुबह हुई वारदात
-फरीदाबाद के रहने वाले दोनों युवक अगस्त से साथ रह रहे थे, आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी पिस्टल बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-143बी स्थित एसकेए ओरियन सोसाइटी के एक फ्लैट में शनिवार सुबह शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने अपने साथी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि शराब की एक केन बची थी। उसे पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान सौरभ शर्मा (25) ने तुषार ठाकुर (21) को गोली मार दी। गोली लगने से तुषार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सेक्टर-142 थाना पुलिस ने आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक तुषार ठाकुर और आरोपी सौरभ शर्मा मूलरूप से फरीदाबाद के रहने वाले हैं। दोनों के घर आसपास हैं और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों निजी कंपनियों में नौकरी करते थे। अगस्त 2026 से दोनों सेक्टर-143बी स्थित एसकेए ओरियन सोसाइटी के फ्लैट किराये पर लेकर साथ रह रहे थे। हाल में दोनों की नौकरी छूट गई थी। इसके बाद से वह नई नौकरी की तलाश में थे।
शराब की आखिरी केन को लेकर शुरू हुआ विवाद :
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे दोनों फ्लैट में मौजूद थे। इस दौरान दोनों शराब पी रहे थे। शराब की एक केन बची हुई थी। उसे कौन पिएगा, इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सौरभ ने पिस्टल निकालकर तुषार को गोली मार दी। गोली लगने से तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। गोली चलने की सूचना से सोसाइटी में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है।
परिजन की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी : सोसाइटी में गोली चलने की सूचना और आवाज के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-142 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।