- फेज-3 इंस्पेक्टर समेत पांच को अदालत ने तलब किया, मारपीट-चोरी का आरोप
-16 दिसंबर को अदालत में पेश होने का आदेश, पुनरीक्षण कोर्ट ने परिवाद खारिज करने का आदेश पलटा था
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अदालत ने फेज-3 कोतवाली के तत्कालीन इंस्पेक्टर समेत पांच लोगों को विचारण के लिए तलब किया है। यह मामला पूजा गुप्ता बनाम विजय कुमार आदि से जुड़ा है। आरोप लगाने वाली महिला एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कंसल्टेंट हैं। अदालत ने निरीक्षक विजय कुमार, अनिल कुमार यादव, प्रीति पवार, राजेश और सौरभ को 16 दिसंबर 2026 को पेश होने का आदेश दिया है। पूजा गुप्ता ने परिवाद में बताया कि 12 मार्च 2023 की शाम आठ लोग उनके आवास पर पहुंचे। इनमें चार वर्दी और चार सादे कपड़ों में थे। सभी ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और घरेलू सहायक कल्याण यादव से मारपीट की। घर का सामान भी फेंका जाने लगा और पुलकित नाम के युवक के बारे में पूछताछ की गई। जानकारी से इन्कार करने पर उनके साथ अभद्रता की गई। शोर सुनकर पहुंचे उमेश कुमार और राजकुमार के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ। विरोध करने पर मोबाइल छीन लिए गए और परिचित अभिषेक से मारपीट की गई।
थाने में मारपीट और 20 लाख रुपये की मांग : पूजा के मुताबिक, उन्हें थाने ले जाया गया जहां तत्कालीन इंस्पेक्टर ने उनका चश्मा खींचकर थप्पड़ और मुक्के मारे। इससे उनके बाएं कान से सुनाई देना बंद हो गया। महिला पुलिसकर्मी प्रीति पवार पर भी मारपीट और गाली-गलौज का आरोप है। परिवाद में कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराने और मोबाइल से फोटो खींचकर मीडिया में प्रसारित कर बदनाम करने की कोशिश का भी आरोप है।
13 मार्च को पुलिसकर्मी उन्हें घर छोड़ने पहुंचे तो उनकी होंडा सिटी कार समेत कई सामान गायब मिले, सीसीटीवी फुटेज में पुलिसकर्मी उन्हें ले जाते दिखे। थाने में उनसे परिजनों से 20 लाख रुपये दिलाने का दबाव बनाया गया। इन्कार करने पर मारपीट कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया, जहां उन्हें करीब एक महीने बाद जमानत मिली। सिविल जज की अदालत ने 21 मार्च 2024 को पूजा का परिवाद खारिज किया था, जिसे सत्र अदालत ने 27 अगस्त 2026 को निरस्त कर दिया। मजिस्ट्रेट ने दोबारा विचार कर पांचों विपक्षियों को विचारण के लिए तलब किया है।