-200 से 1000 किलोमीटर चलने पर ही आने लगी तकनीकी दिक्कतें
-100 की रफ्तार पर स्कॉर्पियो का स्टीयरिंग लॉक होने का आरोप
-150 से अधिक गाड़ियों में खराबी का दावा, ग्राहकों ने शोरूम पर लगाया ताला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नई महिंद्रा गाड़ियों में तकनीकी खराबी आने से नाराज ग्राहकों ने शुक्रवार को साइट-4 स्थित महिंद्रा शोरूम पर जमकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में ग्राहक अपनी गाड़ियों के साथ शोरूम पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्राहकों ने शोरूम पर ताला लगाकर कामकाज बंद करा दिया। ग्राहकों का आरोप है कि नई गाड़ियां खरीदने के कुछ दिन बाद ही उनमें गंभीर तकनीकी खामियां सामने आने लगी हैं। किसी की गाड़ी 200 किलोमीटर चलने के बाद खराब हो गई तो किसी में 1000 किलोमीटर के आसपास चलने पर ही दिक्कत आने लगी। सबसे गंभीर शिकायत स्कॉर्पियो के 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर स्टीयरिंग लॉक होने की है।
प्रदर्शन कर रहे ग्राहकों का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई खर्च कर नई गाड़ियां खरीदी थीं, लेकिन कुछ ही दिनों में उनमें खराबी आने लगी। इससे न केवल उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि सड़क पर चलते समय जान का खतरा भी बना हुआ है। स्कॉर्पियो और थार रॉक्स मॉडल की गाड़ियों में सबसे अधिक समस्याएं सामने आ रही हैं। कई गाड़ियां चलते-चलते बंद हो रही हैं तो कुछ में मैकेनिकल फॉल्ट आ रहा है। अधिवक्ता उमेश भाटी ने आरोप लगाया कि शोरूम प्रबंधन और जीएम से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। इसी वजह से ग्राहक आक्रोशित होकर शोरूम पहुंचे।
150 से अधिक गाड़ियों में किसी न किसी तरह की खराबी सामने आ चुकी है। दो दिन पहले खरीदी गई एक गाड़ी में भी 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार पर स्टीयरिंग जाम होने की शिकायत है। शोरूम से दोषपूर्ण गाड़ियां बेची गई है। हंगामे के बाद शोरूम की ओर से कार को बिना किसी भुगतान को सही करने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही शोरूम से नई कारों की बिक्री पर रोक भी लगी है।
किसी की 15 दिन में तो किसी की दो दिन से खराब : साकीपुर निवासी उपेंद्र भाटी ने बताया कि उनकी गाड़ी पिछले 15 दिनों से खराब होने के कारण खड़ी है। कुलदीप नागर की गाड़ी भी दो दिन से खराब पड़ी है। वहीं सतेंद्र भाटी ने दो दिन पहले ही नई गाड़ी खरीदी थी, जो कुछ समय बाद ही खराब होकर बंद हो गई। इसी तरह करीब छह ग्राहकों ने अपनी गाड़ी नंबर सहित पुलिस को सामूहिक शिकायत दी है। वहीं शोरूम पर हंगामे की सूचना मिलने पर एसीपी ग्रेटर नोएडा संचित शर्मा और बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्राहकों से बातचीत की और उनकी शिकायतें सुनीं। एसीपी ने बताया कि ग्राहकों ने नई गाड़ियों में खराबी आने की शिकायत दी है। कंपनी की ओर से गाड़ी की बिक्री को रोका गया है।
जांच में पता चला है कि डीजल में मिलावट के कारण समस्या आ रही है। अन्य कंपनियों की गाड़ियों में यह समस्या आई है। ग्राहकों की समस्या का हल किया जा रहा है। शोरूम से कारों की बिक्री पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगी है। -धर्मेंद्र भाटी, जीएम महिंद्रा कार शोरूम