- वाजिदपुर गांव की बिहारी मार्केट के पास वारदात, विरोध करने पर दोबारा हमला करने का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में बिहारी मार्केट के पास एक बाइक चालक से लूट की वारदात हुई। मंगलवार की रात करीब साढ़े 12 बजे सुमित शाक्य ओला और रैपिडो में बाइक चलाकर राइड का इंतजार कर रहे थे। तभी दो अज्ञात युवकों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले से बचकर भागने के दौरान आरोपी उनकी बजाज पल्सर बाइक और मोबाइल लेकर फरार हो गए।
भंगेल की जीतराम कॉलोनी निवासी सुमित शाक्य ने थाने में शिकायत दी है। उन्होंने शोर मचाकर आरोपियों का पीछा किया तो बदमाशों ने दोबारा हमला करने का प्रयास किया। लूटी गई बाइक नोएडा नंबर की है। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला चोरी का प्रतीत होता है। शिकायतकर्ता के बयान में विरोधाभास मिला है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।