- अक्टूबर में 266 पुराने पेट्रोल और 142 बिना पीयूसी वाले वाहनों पर हुई कार्रवाई
- एक अप्रैल से 31 अक्टूबर तक 5,059 वाहनों के चालान, 555.30 लाख रुपये की वसूली
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए परिवहन विभाग ने ग्रैप नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तेज कर दी है। अक्तूबर महीने में विभाग ने 541 वाहनों के चालान काटे और करीब 52.93 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। यह अभियान प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर रोक लगाने के लिए चलाया जा रहा है।
कार्रवाई में सबसे ज्यादा 15 साल से पुराने 266 पेट्रोल वाहन पकड़े गए। बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) के दौड़ रहे 142 वाहनों के भी चालान किए गए। परिवहन विभाग की जांच में 116 ओवरलोड वाहन भी बड़ी संख्या में मिले। अक्तूबर में 10 साल से पुराने छह डीजल वाहन और खुले में निर्माण सामग्री ले जाने वाले 11 वाहन भी पकड़े गए। विभाग की टीम अलग-अलग सड़कों और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य प्रदूषण फैलाने वाले और नियमों को तोड़ने वाले वाहनों पर रोक लगाना है।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक अप्रैल से 31 अक्तूबर तक कुल 5,059 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 1069.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 555.30 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है। एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि ग्रैप नियमों का पालन कराने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से बिना वैध पीयूसी प्रमाणपत्र वाले वाहनों को ईंधन न देने की अपील की।