लिंक्डइन प्रोफाइल पर भारतीय रक्षा कंपनियों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट
- साइबर थाने में प्राथमिकी, एक रक्षा कंपनी की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। भारतीय रक्षा क्षेत्र से जुड़ी एक कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक प्रोफाइल के जरिये कंपनी और भारतीय रक्षा उद्योग के संबंध में कथित आपत्तिजनक व प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री पोस्ट करने की शिकायत की है। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सेक्टर-8 स्थित अकिला टेक्नोलॉजीज एंड इंटीग्रेशन सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने लिंक्डइन पर एक प्रोफाइल की शिकायत की है। कंपनी का कहना है कि इस प्रोफाइल से रूसी कंपनी के उत्पादों का प्रचार किया जाता है। साथ ही भारतीय रक्षा कंपनियों, ड्रोन निर्माता कंपनियों और भारतीय सशस्त्र बलों से जुड़े कर्मियों के संबंध में कई टिप्पणियां और पोस्ट किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने अगस्त 2026 में सार्वजनिक रूप से उपलब्ध ऑनलाइन सामग्री का एक साक्ष्य डोजियर तैयार किया था। कंपनी का आरोप है कि प्रोफाइल पर प्रकाशित कुछ सामग्री भारतीय रक्षा क्षेत्र की कंपनियों और उनके उत्पादों के बारे में भ्रामक अथवा प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली हो सकती हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ पोस्ट में भारतीय कंपनियों पर सेना को गुमराह करने, कथित तौर पर चीनी कंपोनेंट का इस्तेमाल करने और मेक इन इंडिया से जुड़े दावों पर सवाल उठाए गए हैं। डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।