- आईफोन 18 प्रो मैक्स की लूट की घटना से 6 दिन पहले भी एक महिला से लूटी गई चेन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में एक बार फिर बाइक सवार बदमाश सक्रिय हो गए हैं। सोमवार को बदमाशों ने एक युवती से आईफोन 18 प्रो मैक्स लूट लिया था। जबकि उससे 6 दिन पहले एक अन्य महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मंगलवार देर रात पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
ग्रेनो वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में रहने वाली दीपाली अरोड़ा ने केस दर्ज कराया है कि 16 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे वो अपनी स्कूटी से प्रिस्टिन एवेन्यू सोसाइटी जा रही थीं। जब वह सर्वोदय अस्पताल के पास पहुंची तो पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने महिला से कुछ पूछा तो महिला ने स्कूटी की रफ्तार कम की। इसके बाद एक बदमाश ने गले से सोने की चेन पर झपट्टा मार दिया। चेन में लॉकेट भी था। कोतवाली प्रभारी रंजीत कुमार सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है।