सड़क हादसों में छात्रा समेत तीन की मौत
-शहर में अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे, प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में बीते दिनों अलग-अलग सड़क हादसों में एक छात्रा सहित तीन लोगों की जान चली गई। ये हादसे सेक्टर-63, सेक्टर-39 और सेक्टर-24 थाना क्षेत्रों में हुए। मृतकों के परिवारीजन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि अलग-अलग हुए इन हादसों की जांच थाना पुलिस कर रही है।
अलीगढ़ के अनिल कुमार ने सेक्टर-63 थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 20 अगस्त को उनकी आठ वर्षीय बेटी लक्षिता की मौत हो गई। लक्षिता अपनी मां प्रियंका और पांच वर्षीय बहन अक्षिता के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। एमकेएस स्कूल के सामने सड़क किनारे खड़े होने पर हरियाणा नंबर के एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि लक्षिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
बाराबंकी के दुर्गेश कुमार ने सेक्टर-39 थाना पुलिस को बताया कि उनके बहनोई अशोक कुमार की 21 जुलाई को मौत हो गई थी। अशोक कुमार ई-रिक्शा में बैठकर छलेरा गांव से बरौला गांव जा रहे थे। दादरी मार्ग पर यूटर्न के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
सेक्टर-24 में ऑटो पलटने से मौत : मूलरूप से कानपुर निवासी धीरेंद्र सिंह ने कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-24 थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके दामाद प्रदीप सिंह 19 जनवरी को ऑटो से सेक्टर-39 से पर्थला की ओर जा रहे थे। बीच में अंडरपास में ऑटो पलट गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। फिर इलाज के दौरान 14 फरवरी को मौत हो गई थी।