निर्माणाधीन मकान और फ्लैट से अलग अलग लाखों की चोरी
- सेक्टर-68 के निर्माणाधीन मकान व जेपी क्लासिक सोसाइटी में हुई घटनाएं
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में अलग -अलग दो स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आई है। सेक्टर-68 में निर्माणाधीन मकान और सेक्टर-134 स्थित जेपी क्लासिक सोसाइटी के फ्लैट में लाखों की चोरी हुई है। दोनों मामलों में कोतवाली फेज थ्री व एक्सप्रेस वे पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
सेक्टर-70 निवासी अरुण कुमार सेक्टर 68 में मकान बनवा रहे हैं। इसमें कई बार निर्माण सामग्री जैसे सरिया व पेंट आदि चोरी हो चुका है। इस कारण उनकी नजर लगातार बनी हुई थी। शनिवार रात को उन्होंने अपने पड़ोसियों के साथ चार चोरों को निर्माण सामग्री चोरी करते हुए दबोच लिया। चारों की पहचान गढ़ी चौखंडी गांव निवासी शेर मोहम्मद, गजरौला निवासी आसिफ व बदायूं के रहने वाले दो नाबालिग के रूप में हुई। पीडि़त ने चारों लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली प्रभारी ध्रुवभूषण दुबे ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया गया है।
वहीं सेक्टर 134 जेपी क्लासिक सोसाइटी में रहने वाली अर्पिता सिंह ने पुलिस से शिकायत की है कि वह 27 सितंबर को जमशेदपुर गई थीं। वहां से पांच अक्टूबर को वापस लौटीं तो फ्लैट में चोरी होने का पता चला। चोर फ्लैट से सोने के दो कंगन, चांदी की दो जोड़ी पायल, चांदी के दो जोड़ी कड़े, एक घड़ी और नकदी गायब थी। इस मामले में कोतवाली एक्सप्रेसवे पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।