सोनभद्र। शक्ति नगर स्थित मेडिकल स्टोर में नशीली दवाएं बेचने का वीडियो वायरल हुआ है। एसपी ने शक्तिनगर पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
वहीं, औषधि प्रशासन ने दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। साथ ही नोटिस जारी कर दुकानदार से जवाब मांगा गया है।
तीन-चार दिन पहले का मामला बताया जा रहा है। किसी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी जिला औषधि निरीक्षक राजेश मौर्य को दी। उन्होंने जांच कराई तो आरोप सही पाया गया।
इस पर तत्काल प्रभाव से दवा दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। साथ ही दुकानदार को नोटिस जारी किया है। उधर, शनिवार को कुछ लोगों ने एक्स के जरिये पुलिस से शिकायत की। इस पर एसपी ने शक्तिनगर थानाध्यक्ष को संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
औषधि निरीक्षक राजेश मौर्य ने बताया कि दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दुकानदार से जवाब मांगा गया है। वायरल वीडियो के बारे में कहा कि यह उनके संज्ञान में नहीं है। इसकी भी जांच की जाएगी।