मेयर ने गीता कॉलोनी के समीप अभियान का शुभारंभ किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
एमसीडी ने बृहस्पतिवार को यमुना के तटवर्ती बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए ड्रोन के जरिये दवा का छिड़काव शुरू कर दिया है। मेयर राजा इकबाल सिंह ने गीता कॉलोनी, यमुना पुल के समीप इस अभियान का शुभारंभ किया।
इस मौके पर मेयर ने कहा कि ड्रोन के इस्तेमाल से दुर्गम और बड़े क्षेत्रों में बहुत कम समय में छिड़काव संभव हो सकेगा। यह आधुनिक व कारगर उपाय है जिससे कार्यकुशलता बढ़ेगी और अधिक से अधिक प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचेगी। मेयर ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें और घरों की छतों पर कबाड़ न रखें। उन्होंने भरोसा जताया कि एमसीडी की इस मुहिम से बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोग बड़ी राहत महसूस करेंगे और दिल्ली को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ व स्वस्थ बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में मलेरिया समिति की अध्यक्ष नीता बिष्ट ने कहा कि ड्रोन का उपयोग मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में एक बड़ी पहल है। हमें विश्वास है कि इस अभियान से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के प्रसार पर प्रभावी रोक लगेगी। जनता का सहयोग इस मुहिम को और मजबूत करेगा। वहीं, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, उपायुक्त विवेक अग्रवाल, निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक रावत के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली के अन्य दुर्गम और बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी ड्रोन से दवा का छिड़काव किया जाएगा।