ड्रोन: खिलौना (हेलीकाप्टर) । पुलिस विभाग
जौनपुर। जिले में ड्रोन का शोर है और ड्रोन कैमरे उड़ने से घरों में चोरी की घटनाओं से भयभीत हैं। रात में ग्रामीण इलाकों में अगर किसी ने आसमान के ऊपर देख लिया तो लोग खड़े होकर उधर ही देखने लग जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी ड्रोन के वीडियो और फोटो वायरल हो रहे हैं।
इसी बीच कुछ शरारती तत्व भी खिलौने (हेलिकाॅप्टर) और एलईडी लाइट लगी पतंग उड़ाकर मजे लेने के लिए अफवाह फैलाने के आरोप में भी पकड़े गए हैं। पुलिस की तरफ से ड्रोन की अफवाह के आरोप में 11 मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं। शहर में भी सोमवार की रात भी ड्रोन उड़ने की अफवाह फैलाई गई। पुलिस ने रात में दो लोगों को पकड़कर चालान किया। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ सिंह सोमवार की रात करीब 11:30 बजे ड्रोन की सूचना मिलने पर मुफ्ती मोहल्ला और कोठियावीर पहुंचे। वहां उन्होंने ड्रोन का फर्जी अफवाह फैलाने के आरोप में दोनों स्थानों से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। उन्होंने लोगों को अफवाहों से सतर्क रहने का आह्वान किया। साथ ही समझाया भी। उन्होंने अफवाह फैलाने पर चेतावनी भी दी। जिले में अब तक ड्रोन व इसका अफवाह फैलाने के आरोप में पुलिस नौ मुकदमे दर्ज कर चुकी है। पहला मुकदमा 13 सितंबर को सुजानगंज थाने में दर्ज हुआ था। जहां क्षेत्र के कई स्थानों पर ड्रोन उड़ने की अफवाह फैलाई गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इसके बाद 15 सितंबर को बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव पांडेपुर में किसी व्यक्ति ने ड्रोन उड़ने की अफवाह फैला दी। मौके पर पहुंची पुलिस को कुछ नहीं मिला। इस पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इसी तरह से बीते 27 सितंबर को सिंगरामऊ, सरपतहा, बदलापुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर ड्रोन उड़ने की फर्जी सूचना फैलाई गई। पुलिस भी संबंधित गांवों में गई लेकिन सूचना फर्जी होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
बीते 27 सितंबर को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के गौसपुर चकिया पर एक संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तु देखी गई। पुलिस व पीआरवी 112 वाहन की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वस्तु को अपने कब्जे में ले लिया। जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि वह साधारण खिलौना ( हेलिकॉप्टर) ड्रोन है, जिसमें कोई खतरनाक यंत्र, कैमरा या विस्फोटक पदार्थ नहीं पाया गया है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी तरह से 27 सितंबर को ही मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के तीन लोग नीले रंग की एलईडी लाइट लगी हुई पतंग उड़ाकर ड्रोन की अफवाह फैला रहे थे। पुलिस ने तीनों लोगों को गिरफ्तार किया है। उसी रात सुरेरी थाना क्षेत्र के कमरुद्दीनपुर गांव में ड्रोन उड़ने और चोर आने की अफवाह फैलाई गई। पुलिस ने अफवाह फैलाने के आरोप में गांव निवासी राजकुमार गौतम और धीरज कुमार गौतम को गिरफ्तार किया। एसपी डॉ. कौस्तुभ का कहना है कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था खराब करने के उद्देश्य से इस प्रकार की अफवाह फैलाई जा सकती है। ऐसे में सोच-समझकर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से झूठी, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट प्रसारित की जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।