ग्रेटर नोएडा(संवाद)। मकौड़ा गांव के अंडरपास में पानी भरा होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों को घूमकर जाना पड़ रहा है। कई बार पानी में वाहन भी खराब हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि डीएफसीसी ने अंडरपास में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की है। इस कारण बारिश का पानी अंडरपास में भर जाता है। शिकायत के बाद भी सुधार नहीं किया गया है।
डीएफसीसी ने वेस्टर्न कॉरिडोर के कारण जगह-जगह अंडरपास बनाए है। इनमें बारिश का पानी निकालने की भी व्यवस्था की गई है, लेकिन सभी जगह उचित व्यवस्था नहीं है। कई जगह पंप खराब है। इसी कारण मकौड़ा अंडरपास में बारिश का पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि चार दिन पहले बारिश हुई थी। तभी से अंडरपास में पानी भरा हुआ है। बाइक सवार अंडरपास से नहीं निकल पा रहे है। अगर निकलते है तो वो भीग जाते है। कई बार बाइक गिर चुकी है। कार चालकों को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने डीएफसीसी से अंडरपास में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।