- बुजुर्ग दंपतियों के घुटनाें में हो गया दर्द, बच्चे और महिलाएं भी नजर आए परेशान
- सुबह साढ़े 10 बजे से साढ़े 12 बजे और एक से तीन बजे तक बंद रहेगी लिफ्ट
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित विक्ट्री वन सेंट्रल सोसाइटी में सोमवार से लिफ्ट की मरम्मत शुरू हो गई। लिफ्ट की मरम्मत होने के कारण निवासियों को सीढ़ियों से जाने को मजबूर होना पड़ा। निवासियों का आरोप है कि लिफ्ट की मरम्मत का समय गलत चुना गया। उनका कहना है कि जब सोसाइटी के आठ टावरों में एक एक लिफ्ट ही है। तो लिफ्ट के मरम्मत का समय दिन का क्यों चुना गया। यदि लिफ्ट की मरम्मत होनी ही है तो रात में हो।
18वें फ्लोर पर रहने वाले बुजुर्ग दंपति ने बताया कि दो घंटे के लिए लिफ्ट बंद कर दी गई। इसके कारण उन्हें सीढ़ियों से नीचे जाना पड़ा। जब सोसाइटी के हर ट़ॉवर में एक एक ही लिफ्ट है तो दिन में मरम्मत क्यों की जा रही है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि डॉक्टर को दिखाने के लिए जाना था। लिफ्ट बंद होने के कारण सीढ़ियों से उतरना पड़ा। निवासी प्रशांत का कहना है कि हर टॉवर में एक ही लिफ्ट है। यदि वह दो घंटे के लिए बंद हो जाती हैं तो 19वीं मंजिल पर रह रहे लोगों के सामने सीढ़ियों का ही विकल्प बचता है।हर मंजिल में चार फ्लैट है। कई फ्लैट में बुजुर्ग बीमार हैं। आपात स्थिति में यदि उन्हें कहीं ले जाना पड़े तो सोचिए क्या स्थिति बनेगी।
-
हर टॉवर में होनी चाहिए दो लिफ्ट
निवासियों का आरोप है कि नियमों के अनुसार हर टॉवर में दो लिफ्ट होनी चाहिए,लेकिन बिल्डर की ओर से ऐसा नहीं किया गया। लिफ्ट के मरम्मत का समय बेहद गलत है। सुबह साढ़े 10 बजे से साढ़े 12 बजे और एक से तीन होगा। जिस समय लोगों का अधिक आना जाना होता है। बिल्डर की ओर से करोड़ रुपये ले लिए,लेकिन 19 मंजिल की बिल्डिंग में एक ही लिफ्ट है। जबकि नियम ही दो लिफ्ट का है। अब चार दिन दो दो घंटे लोगों को घरों में कैद रहना पड़ेगा या फिर सीढ़ियों से होकर आवागमन करना होगा।