फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केएमपी मार्ग पर जाम से चालक परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
तावडू। उपमंडल की सीमा से जा रहे कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर इन दिनों लंबा जाम देखने को मिल रहा है। इससे यात्रियों को घंटो परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपमंडल के अंतर्गत धुलावट टोल प्लाजा के नजदीक पिछले दिनों से मार्ग के दोनों ओर हर समय लंबा जाम लग रहा है, जिसके कारण वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहते हैं। एक्सप्रेस वे के साथ वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के लिए बिछाई जा रही रेलवे लाइन इस जाम का मुख्य कारण है। वहीं, वाहन चालकों व स्थानीय लोगों ने इसे रेलवे लाइन निर्माणाधीन कंपनी कर्मचारियों की लापरवाही बताया है।
विज्ञापन

वाहन चालक और स्थानीय निवासी अरशद सबरस, जब्बार बेरी, जावेद अहमद, राशिद साजिद धुलावट, राजबीर व धर्मवीर आदि लोगों ने बताया कि केएमपी टोल प्लाजा के नजदीक मार्ग के साथ रेलवे लाइन निर्माण का कार्य जारी है। निर्माण कर रही एलएनटी कंपनी ने यहां पर एक्सप्रेसवे के एक हिस्से को अवरुद्ध किया हुआ है, निर्माण कार्य पूरा होने तक वाहनों के आवागमन के लिए अस्थाई तौर पर एक मार्ग बनाया। जिसमें बड़े गड्ढे बने हुए हैं, साथ ही बहुत संकरा है। ज्यादा गड्ढे होने के कारण आए दिन कोई न कोई वाहन यहां दुर्घटनाग्रस्त होता है। कई बार वाहन ओवरलोड वाहन यहां पर पलट जाते हैं, जिसके कारण लंबा जाम लगा रहता है। लोगों ने बताया कि पिछले 3 दिनों से मार्ग के दोनों ओर लगभग दो से तीन किलोमीटर का लंबा जाम लगा हुआ है। आरोप है कि समस्या का मुख्य कारण एलएनटी कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही है। साथ ही निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से किया जा रहा है तो निर्माण कार्य में लगे कंपनी के वाहनों का आवागमन से भी जाम की समस्या बनी रहती है। लंबे जाम के कारण सड़क दुर्घटना में घायलों को ले जाने वाली एंबुलेंस भी अक्सर इस में फंसी रहती है। ज्यादातर लोग एक्सप्रेस-वे पर सुविधा को देखते हुए यात्रा करते हैं लेकिन जब वह यहां पर जाम में पहुंचते हैं तो उनके लिए यह सुविधा परेशानी में बदल जाती है। वहीं, एलएनटी कंपनी के कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
ओवरलोड वाहन पलटा
मार्ग में हुए गड्ढों के कारण सोमवार सुबह एक ओवरलोड वाहन पलट गया, जिसके कारण एक्सप्रेस वे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर एक्सप्रेस वे की देखरेख का जिम्मा संभाल रही हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) एजेंसी के कर्मचारी और पुलिस पीसीआर भी मौके पर पहुंची। जिन्होंने एलएनटी कंपनी कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। वहीं क्रेन की मदद से पलटे वाहन को लगभग 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खड़ा किया।
विज्ञापन

रेलवे लाइन का निर्माण कर रही कंपनी ने अनुमति लेकर एक निश्चित समय सीमा के लिए मार्ग को अवरुद्ध किया हुआ है। फिलहाल वाहनों के आवागमन के लिए अस्थाई मार्ग का निर्माण भी कराया गया है। संबंधित कंपनी की लापरवाही का मामला लगातार संज्ञान में आ रहा है। इसके लिए कंपनी के संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। समाधान नहीं हुआ तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन

- सुरेंद्र कुमार, सीनियर मैनेजर, एचएसआईआईडीसी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें