बांसडीह रोड। ब्लाॅक खंड दुबहर अंतर्गत ग्राम पंचायत चंद्रपुरा में पानी टंकी से आपूर्ति पांच दिन से बाधित है। करीब 3000 हजार की आबादी वाले गांव चंद्रपुरा, रघुनाथपुर, बेला गांव के लोग हैंडपंप से पीने भर रहे हैं। राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन का हेल्पलाइन नंबर भी व्यस्त बताने से लोग शिकायत नहीं कर पा रहे हैं।
ग्राम प्रधान संजीत कुमार ने बताया कि पानी टंकी आरओ प्लांट युक्त है। इससे तीन गांवों में शोधित जल की सप्लाई होती है। पानी टंकी की देखरेख अब ग्राम पंचायत के जिम्मेदारी नहीं है। जल निगम की देखरेख में चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जल निगम की उदासीनता से सप्लाई बंद है। जब भी त्योहार आता है तो पानी सप्लाई एक दो दिन पहले से बंद हो जाती है। इससे ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। पानी के लिए तीन गांवों में लोग परेशान हैं।
गांव के चंद्रकेत सिंह, मनोज कुमार, नंदलाल, पार्वती देवी, सुनीता देवी आदि लोगों ने बताया कि छठ पर्व भी नजदीक है। ऐसे में पानी टंकी का सप्लाई बंद करना विभागीय अधिकारियों की उदासीनता है। ग्रामीणों ने बताया कि अगर शीघ्र पानी की आपूर्ति नहीं हुई तो डीएम को ज्ञापन सौंप कर जांच की मांग करेंगे। इस बाबत जेई शशि रंजन यादव ने बताया कि पानी टंकी से आपूर्ति बंद है, उन्हें जानकारी नहीं मिली है। टंकी को ठीक कर पानी आपूर्ति की जाएगी।