होडल। उपमंडल के गांव सौंदहद में टीले के ऊपर बनी पक्की चौपाल स्थित ब्राह्मण मोहल्ले में पेजयल की लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण फट गई। इससे वहां रहने वाले लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है। मोहल्ले के कई मकानों में तो दरारें इतनी गहरी हैं कि यहां कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण मकान फटने की घटना हुई है। सूचना देने के बाद भी विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने स्वयं ही निरीक्षण किया तो लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी। ग्रामीणों ने एसडीएम संदीप अग्रवाल से शिकायत की तो विभाग ने कर्मचारी भेजे। वे क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त करने में जुटे हैं। गंगा देवी, शिवदत्त, ओमप्रकाश, मदनलाल, दीपक आदि ग्रामीणों का कहना है कि विभाग उनकी पहली शिकायत को ही गंभीरता से लेता तो मकान फटने की स्थिति नहीं बनती। ग्रामीणों ने प्रशासन से लाइन फटने से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मुआवजा देने की मांग की है।
एसडीएम संदीप अग्रवाल का कहना है कि लाइन दुरुस्त कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए अधिकारियों को तीन दिन का समय दिया गया है। इसके बाद भी समस्या नहीं सुलझी तो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।