दहेज हत्या के आरोपी ने न्यायालय में ब्लेड से अपना गला रेता
- जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दहेज हत्या के मामले में विचाराधीन केस में सुनवाई के लिए न्यायालय पहुंचे जारचा के प्यावली जैतवारपुर गांव निवासी शिवम ने आत्मघाती कदम उठाया। सुनवाई के दौरान शिवम ने ब्लेड अपना गला रेत लिया। पुलिस तुरंत अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शिवम को घर भेज दिया। बताया जा रहा है कि दहेज हत्या के केस दर्ज होने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान है।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022 में शिवम की पत्नी की मौत हो गई थी। मायके पक्ष ने शिवम समेत परिवार के अन्य लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस ने शिवम और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शिवम की एक बेटी है जो नानी के पास रह रही है। शिवम को इस मामले में जमानत मिल गई थी। शुक्रवार को इस केस में सुनवाई की तिथि होने के कारण न्यायालय पहुंचा था। केस की सुनवाई के दौरान शिवम ने अचानक ब्लेड निकालकर अपना गला रेत लिया। पुलिस के मुताबिक जेल से पेशी पर लाए जाने के दौरान भी शिवम ने इसी तरह जान देने की कोशिश की थी। एसीपी सुमित शुक्ला के मुताबिक सूचना मिलते ही शिवम को अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल से उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है।