संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर थाना क्षेत्र के बनवारीवास गांव की महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। आरती पुत्री दिनेशचंद ने जेवर कोतवाली में दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में हरियाणा के पलवल जिले के चांदहट थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखपुर गांव में राकेश कुमार से हुई थी।
आरोप है कि उसके पति राकेश कुमार, जेठ अरुण कुमार, जेठानी पूनम, देवर अजय, देवरानी मीनाक्षी और ससुर गया प्रसाद मिलकर उसे दहेज के लिए परेशान करते हैं और घर में रहने नहीं देते। 4 दिसंबर 2024 की रात करीब 10 बजे इन सभी लोगों ने मिलकर पीड़िता के साथ मारपीट की और उसका गला दबाने की कोशिश की। अगले दिन सुबह, ससुराल पक्ष के लोग उसे मारपीट कर मायके छोड़ गए। इधर शिकायत के बाद चार माह से दोनों पक्षों के बीच आठ बार मध्यस्थता की कोशिश विफल रही। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।