सख्ती के बाद एनसीपीसीएल ने जारी की चेतावनी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण की सख्ती के बाद नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड ने अवैध कॉलोनी और डूब क्षेत्र के लोगों को चेतावनी जारी की है। कंपनी ने कहा है कि वैधता की जांच के बाद ही जमीन और संपत्ति खरीदें। अगर अनदेखी करेंगे तो बिजली की सुविधा से वंचित रहेंगे। केवल प्राधिकरण की अनुमति से बनी कॉलोनियों को ही कनेक्शन मिलेगा।
हाल ही में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने एनपीसीएल के अफसरों को तलब कर अवैध कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन जारी करने पर फटकार लगाई थी। साथ ही सभी वर्क सर्किल को बीते एक साल के अंदर अवैध कॉलोनियों में दिये गए कनेक्शन की जांच करने के आदेश दिए थे। प्राधिकरण की सख्ती के बाद अब एनपीसीएल हरकत में आया है। एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने बताया कि कंपनी की तरफ से मान्यता प्राप्त कॉलोनी में ही बिजली आपूर्ति की जाएगी। वहीं जांच में पता चला है कि भूमाफिया अवैध कॉलोनी विकसित कर लोगों को प्लॉट बेच रहे हैं। लोगों को वे आश्वासन दे रहे हैं कि मकान बनते ही बिजली कनेक्शन मिल जाएगा। ऐसे भूमाफिया लोगों को गुमराह कर रहे हैं। कंपनी अवैध कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन जारी नहीं करेगा।