- 25 केंद्रों पर आज करीब आठ हजार विद्यार्थी देंगे परीक्षा
- दोपहर दो से पांच बजे तक होगी परीक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले के 25 केंद्रों पर आज नीट परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र गाइडलाइंस जारी कर दी हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों को पीने के पानी की पारदर्शी बोतल ही लानी होगी। पैरों में कम हील की फुटवेयर या स्लिपर पहनकर आना होगा। अगर कोई अभ्यर्थी धार्मिक यंत्र या कलावा पहनता है, तो उसे चेकिंग के लिए समय से पहले पहुंचना होगा। विद्यार्थियों को हल्के कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। पूरी बांह के कपड़े पहनने वाले विद्यार्थियों को भी समय से पहले रिपोर्ट करना होगा। साथ ही ड्रेस कोड के मुताबिक एग्जाम सेंटर पर किसी भी तरह की ज्वेलरी पहनकर नहीं जा सकते। इसमें झुमका, कंगन, चेन, अंगूठी जैसी चीजें शामिल हैं। छात्र पूरी बाजू के कपड़े पहनकर परीक्षा नहीं दे सकते। सिर्फ हाफ स्लीव यानी आधी बाजू वाली टी-शर्ट या शर्ट ही पहनने की अनुमति है। कपड़ों पर बहुत बड़े बटन, कढ़ाई या बड़ी पॉकेट नहीं होनी चाहिए। किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, घड़ी या मेटल आइटम साथ न ले जाएं. बाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर या स्मार्ट गैजेट्स शामिल हैं।
ड्यूटी लगाते समय पक्षपात का आरोप
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीन शर्मा ने केंद्रों पर ड्यूटी लगाते समय पक्षपात का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हर परीक्षा में प्राथमिक शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी जाती है। जब इस परीक्षा में मानदेय अधिक मिलना है तो उन्हें ड्यूटी से दूर कर माध्यमिक शिक्षकों को लगाया गया है। वहीं डीआईओएस ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जरूरत के हिसाब से ही तैनाती की गई है। वहीं, दूसरी ओर परीक्षा के दौरान 25 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही रिर्जव स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी।