-स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर लोगों से की अपील, कहा, हो सकती है विद्युत आपूर्ति बाधित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली ट्रांसको ने स्वतंत्रता दिवस के आसपास बढ़ने वाली पतंगबाजी को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे हाई टेंशन बिजली लाइनों और बिजली प्रतिष्ठानों के पास पतंग न उड़ाएं। उसने चेतावनी दी है कि धातु कण लेपित मांझा ट्रांसमिशन लाइनों से टकराने पर बिजली आपूर्ति बाधित कर सकता है। गंभीर हादसों का कारण बन सकता है और कई बार जानलेवा भी साबित हो सकता है।
ट्रांसको के अनुसार, मानसून के मौसम में खासकर 15 अगस्त के समय पतंग उड़ाने वालों की संख्या बढ़ जाती है। कई लोग पतंग को कटने से बचाने के लिए धातु लेपित मांझे का इस्तेमाल करते हैं। जब यह मांझा बिजली की तारों से संपर्क में आता है तो ट्रांसमिशन लाइन में ट्रिपिंग हो जाती है। इससे प्रभावित लाइन से जुड़े बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है। पतंग और मांझा हटाने में समय लगता है, जिसके कारण लंबे समय तक ब्लैकआउट बना रहता है। पिछले कुछ वर्षों में 15 अगस्त को पतंगबाजी के चलते दिल्ली के पावर सिस्टम में सैकड़ों ट्रिपिंग के मामले सामने आ चुके हैं। कई बार पतंग उड़ाने वाले को करंट लगने से गंभीर चोटें आई हैं और मौत तक हो चुकी है। दिल्ली ट्रांसको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शूरबीर सिंह ने कहा कि लोगों को पतंग उड़ाते समय बिजली के प्रतिष्ठानों से दूर रहना चाहिए। एक छोटी सी लापरवाही से बड़े क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है।