डीएनडी लूप चौड़ा करने का काम शुरू, फिल्म सिटी के सामने सड़क का काम ठप
नोट- फोटो हैं।
-चिल्ला बॉर्डर से फिल्म सिटी फ्लाईओवर के बीच का जाम दूर करने की परियोजना का हाल, फिल्म सिटी के सामने चौड़ी होनी है सड़क
-सितंबर में शुरू हुआ था सड़क चौड़ीकरण का काम, पहले बिजली खंभे, अब डीएनडी के नीचे बिजली लाइन आने से फंसा हुआ है काम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-14ए चिल्ला बॉर्डर से फिल्म सिटी फ्लाईओवर के बीच वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या हर दिन खड़ी हो रही है। यहां पर लगने वाले जाम को खत्म कराने के लिए फिल्म सिटी के सामने मोड़ से लेकर डीएनडी पुल तक सड़क चौड़ी हो रही है। नीचे बिजली की लाइनों के आने से सितंबर में दो महीने की समयावधि का शुरू हुआ यह काम पिछले कई दिनों से बंद पड़ा है। वहीं दूसरा काम डीएनडी लूप को चौड़ा करने का काम नोएडा प्राधिकरण ने शुरू कर दिया है। प्राधिकरण अधिकारियों का दावा है कि अगले दो महीने में दोनों काम पूरे हो जाएंगे।
चौड़ी होने वाली सड़क की फिल्म सिटी मोड़ तक दूरी करीब 700 मीटर है। यहां पर पीछे से आ रही 13.5 मीटर चौड़ी सड़क संकरी होकर 11 और 12 मीटर बचती है। इस दूरी में डीएनडी से उतरने और चढ़ने वाले लूप हैं। इसके बाद फ्लाईओवर है फिर उसके और एफओबी नुमा स्काईवॉक के बीच में सेक्टर-16 की तरफ से आने वाला ट्रैफिक इस रोड पर उतरता है। इसके बाद यह ट्रैफिक बाएं तरफ फिल्म सिटी -16ए को जाने वाला ट्रैफिक मुड़ता है। वहां चिल्ला की तरफ से आने वाला ट्रैफिक टकराने न पाए इसके लिए अस्थाई डिवाइडर बनाए गए हैं। इस वजह से भी ट्रैफिक फंसता है। प्राधिकरण इंजीनियरों के मुताबिक यहां पर सड़क चौड़ी करने से समस्याएं दूर होंगी। मौके पर सड़क चौड़ी करने का काम करीब 60 प्रतिशत पूरा हो गया है। बीच में डीएनडी पुल के नीचे दो बिजली की लाइनें आई थीं। बिजली केबल की लाइन को विभाग ने शिफ्ट कर दिया है। दूसरी केबल लाइन को शिफ्ट किया जाना बाकी है। वहीं, डीएनडी लूप को चौड़ा करने के लिए बाएं तरफ के खंभे हटाकर लूप के तकरीबन आधे हिस्से से प्राधिकरण ने काम शुरू कर दिया है। लूप चौड़ा होने से सेक्टर-14 ए से फिल्म सिटी फ्लाईओवर के बीच सड़क के जाम पर भी असर पड़ेगा। इसके साथ ही डीएनडी पर नोएडा आने वाला जो ट्रैफिक वाहनों का दबाव बढ़ने से लूप पर फंसता है वह समस्या भी दूर होगी।