माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिला अस्पताल में सोमवार को डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) सर्जरी कोर्स शुरू करने की दिशा में नेशनल बोर्ड की टीम ने निरीक्षण किया। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, फैकल्टी, ओटी, वार्ड, उपकरणों और शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर की क्षमता, इमरजेंसी सेवाएं, पोस्ट-ऑपरेटिव केयर और मरीजों की संख्या जैसे चीजों को देखा। इसके अलावा रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए आवास, लाइब्रेरी और शैक्षणिक वातावरण भी देखा। अभी जिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन और एनेस्थीसिया विभाग में दो-दो डीएनबी सीटें स्वीकृत हैं।
सर्जरी कोर्स शुरू होने से अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। साथ ही मरीजों को उन्नत इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे पहले डीएनबी ऑप्थेल्मोलॉजी (नेत्र रोग) कोर्स शुरू करने के लिए टीम जिला अस्पताल का दौरा कर चुकी है। सीएमएस डॉ. अजय राणा ने बताया कि टीम ने दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।