ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट मेट्रो के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) सोमवार को यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के सामने प्रस्तुतिकरण देगा। यमुना प्राधिकरण ने इस कॉरिडोर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की जिम्मेदारी डीएमआरसी को दी है। नॉलेज पार्क-2 से जेवर तक मेट्रो के संचालन के लिए 35.64 किमी लंबा ट्रैक बनाया जाएगा।
पिछले वर्ष सितंबर में जेवर के नोएडा एयरपोर्ट तक मेट्रो दौड़ाने के लिए यमुना प्राधिकरण और डीएमआरसी के बीच अनुबंध हुआ था। उस दौरान दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से नोएडा एयरपोर्ट मेट्रो को जोड़ने के लिए सहमति बनी थी। इससे नोएडा एयरपोर्ट दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से भी जुड़ जाएगा। पहले ग्रेटर नोएडा और जेवर रूट पर 25 स्टेशन बनाने का प्रस्ताव था लेकिन बाद में जानकारी दी गई थी कि इस रूट पर केवल पांच-छह स्टेशन बनेंगे।
डीपीआर के लिए नौ माह का समय निर्धारित किया गया था। विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद क्षेत्र में होने वाले विकास कार्य पर अधिकारियों ने ध्यान देना शुरू कर दिया है। नोएडा एयरपोर्ट मेट्रो के लिए डीएमआरसी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट को लेकर सोमवार को यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के सामने प्रस्तुतिकरण देगा। डीएमआरसी विभिन्न बिंदुओं पर प्रस्तुतिकरण देगा। इसमें यमुना प्राधिकरण के अधिकारी प्रस्तुतिकरण के बाद यह तय करेंगे कि डीपीआर में कोई संशोधन की आवश्यकता है या नहीं।