फाइल शासन को दोबारा भेजने पर पूर्व एमएलसी कुलदीप सिंह का स्वागत करते लोग।
- फोटो : स्रोत : स्वयं
कानपुर। श्री गुरु सिंह सभा कानपुर महानगर के चेयरमैन व पूर्व एमएलसी सरदार कुलदीप सिंह के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से मुलाकात की। इस दौरान उच्च न्यायालय के निर्देशों व राज्य सरकार के आश्वासनों के क्रम में 1984 के दंगा पीड़ितों को मिलने वाले मुआवजे के पुनरीक्षण के लिए निवेदन किया।
उनसे पूर्व निर्धारित मुआवजे का 10 गुना अधिक धन भुगतान कराने के लिए गृह सचिव से अनुशंसा करने की मांग की। करीब दो घंटे से ज्यादा चली बैठक में मंडलायुक्त ने उनकी मांगों पर सहमति जताते हुए गृह विभाग से अचल संपत्ति पर 3,70,000 और चल संपत्ति पर पांच लाख रुपये (प्रत्येक पीड़ित को 8,70,000 रुपये) देने के लिए संस्तुति की। इस पर सभा के पदाधिकारियों ने आभार प्रकट किया।
इस दौरान यूपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य परविंदर सिंह, अध्यक्ष सिमरन जीत सिंह, महासचिव गुरविंदर सिंह वासू, महिला विंग की अध्यक्ष जसवीन कौर कोषाध्यक्ष तजिंदरपाल सिंह, गुरविंदर सिंह बिट्टू आदि मौजूद रहे।