- सेक्टर-21ए नोएडा स्टेडियम में दो दिवसीय प्रतियोगिता संपन्न, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय गौतम बुद्ध नगर डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट-2026 का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों और अकादमियों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का उद्देश्य खिलाड़ियों की जिला रैंकिंग तय करने के साथ उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था।
अंडर-11 बालिका वर्ग में ऋषिका मेहरा ने पहला स्थान हासिल किया। मिराया रस्तोगी दूसरे और आरुही ठाकुर व अनाया शर्मा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में राहिल गर्ग विजेता बने, जबकि हर्षज सिंह मेहल दूसरे और जनेश सोमानी व वेदिक गुप्ता संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-13 बालिका वर्ग में प्राण्या नारंग ने खिताब जीता। सूर्यांशी दूसरे और ऋषिका मेहरा व आरुही ठाकुर तीसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में गर्व पंडिता ने पहला स्थान हासिल किया। हर्ष सिंह मेहल उपविजेता रहे। अंडर-15 बालिका वर्ग में श्रेया कुकरेती विजेता रहीं, जबकि तविशा शर्मा दूसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में हेलिक शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में आयुषी सिंघल और गर्व सिंघल ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में समृद्धि शर्मा ने खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग में गर्व सिंघल ने प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में समृद्धि शर्मा विजेता और आयुषी सिंघल उपविजेता रहीं। पुरुष वर्ग में युवान पांडेय ने खिताब जीता, जबकि मनीत भट्ट दूसरे स्थान पर रहे।
जिला टेबल टेनिस संघ के आयोजक सचिव मृदुल खिलनानी ने बताया कि यह दूसरा जिलास्तरीय रैंकिंग टूर्नामेंट था। तीन प्रतियोगिताओं के आधार पर खिलाड़ियों को अंक दिए जाएंगे और शीर्ष चार खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।