सुपर लीग में खेलेंगी जिले की कबड्डी टीम
- 24 से 26 जनवरी तक होगी 51वीं उत्तर प्रदेश सीनियर पुरुष कबड्डी सुपर लीग प्रतियोगिता
- प्रतियोगिता में चार जोन से गौतमबुद्ध नगर समेत 16 जिले की टीमें लेंगी हिस्सा
- ग्रेटर नोएडा के इमलियाका स्थित संतराम आर्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में होगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में 24 से 26 जनवरी तक उत्तर प्रदेश सीनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप (सुपर लीग) का आयोजन होगा। इसमें जिले की कबड्डी टीम भी खेलती हुई नजर आएगी। प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन राज्य स्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल करने के आधार पर हुआ है। सुपर लीग में उत्तर प्रदेश से चार जोन से 16 कबड्डी टीमें हिस्सा ले रही हैं।
यूपी कबड्डी एसोसिएशन की ओर से ग्रेनो के इमलियाका गांव स्थित संतराम आर्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 51वीं उत्तर प्रदेश सीनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप (सुपर लीग) का आयोजन किया जाएगा। इसमें गौतमबुद्ध नगर की टीम जोन-बी ग्रुप में खेलते हुए नजर आएंगी। जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र नागर ने बताया, सुपर लीग के लिए जिले की कबड्डी टीम का चयन 12 से 13 जनवरी तक कानपुर में आयोजित 51वीं सीनियर उत्तर प्रदेश राज्य कबड्डी चैंपियनशिप (जोन-बी) में तीसरा स्थान प्राप्त करने के आधार पर हुआ है। प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश को चार जोन में बांटा गया है। जोन-ए में मुज्जफरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, आगरा की टीम को रखा गया है। जोन-बी में गौतमबुद्ध नगर, यूपी पुलिस, गाजियाबाद, मेरठ की टीम होगी। जोन-सी में अमेठी हॉस्टल, देवरिया, गौरखपुर, पूर्वोत्तर रेलवे और जोन-डी में बनारस, जौनपुर, मिर्जापुर, गाजीपुर की टीमें प्रतिभाग करेंगी। एसोसिएशन के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष निरंजन सिंह बिधुड़ी, यूपी कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव राजेश के द्वारा किया जाएगा।