- 02 अक्तूबर को शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होंगे दो मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। डॉ. गौड़ हरि सिंघानिया वेटरन यूपी टी-20 लीग के लिए दो दिवसीय ट्रायल के बाद गौतमबुद्ध नगर की टीम का गठन कर लिया गया है। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्तूबर को जिले में लीग के दो मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों मैच ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट मैदान पर होंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।
लीग का पहला मुकाबला गौतमबुद्ध नगर वेटरन्स और हापुड़ वेटरन्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद गाजियाबाद वेटरन्स और अलीगढ़ वेटरन्स की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों मुकाबलों में अनुभवी खिलाड़ी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
एसोसिएशन के सचिव एवं वेस्ट जोन पूल-एफ टूर्नामेंट के समन्वयक नीलमणि द्विवेदी ने बताया कि वेटरन टी-20 लीग का उद्देश्य अनुभवी क्रिकेट खिलाड़ियों को दोबारा प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का मंच उपलब्ध कराना है। लीग में विभिन्न जिलों की वेटरन टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस और क्रिकेट कौशल को मैदान पर दिखाने का अवसर मिलेगा।
गौतमबुद्ध नगर की टीम के गठन के बाद खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू कर दिया है। टीम प्रबंधन की ओर से फिटनेस के साथ बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, मैचों के सफल संचालन के लिए मैदान और अन्य व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। अनुभवी खिलाड़ियों के मुकाबले से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे। साथ ही युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के खेल से सीखने का अवसर मिलेगा।