झंझरी। देहात कोतवाली क्षेत्र के भगहरबुलंद निवासी जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र के बेटे चंदन मिश्र (20) को चुनावी रंजिश में नरायनपुर वली गांव में कुछ लोगों ने घेरकर पीट दिया। धमकाने, नकदी लूटने व कार से अगवा करने का भी आरोप है। एसपी विनीत जायसवाल के आदेश पर देहात कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
चंदन मिश्र के मुताबिक शुक्रवार दोपहर 12 बजे विद्युतीकरण कार्य कराने के लिए वह पोल से लदी ट्राॅली के पीछे अपनी कार से मजदूरों को पैसा देने के लिए नरायनपुर वली गांव गए थे। वहां पर चुनावी रंजिश के चलते करीब 20 लोगों ने उन्हें घेर लिया और पीछे से पकड़कर गिरा दिया। मजदूरों के आठ हजार रुपये छीन लिए। जमकर पिटाई भी की।
चंदन के मुताबिक आरोपियों ने कहा कि उनकी इजाजत के बिना कोई गांव में घुस नहीं सकता। विरोध जताने पर उक्त लोगों ने उनके मुंह में बंदूक डालकर धमकाया। कार की तलाशी ली। दस्तावेज फाड़ने के साथ ही कार से 50 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। फिर उन्हें दूसरी कार में लादकर कपड़े से मुंह ढंक दिया। अन्य लोग उनकी कार लेकर पीछे चल रहे थे। रास्ते में पकड़िया के पास चाचा राधेश्याम मिश्र के आने पर आरोपी उन्हें सड़क किनारे फेंककर भाग गए।
इस मामले को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। पीड़ित चंदन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी विरोध में चुनाव न लड़ने की धमकी भी दे रहे थे। चंदन ने आरोपियों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे चंदन मिश्र के आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। घटना की पुष्टि के बाद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।