ग्रेटर नोएडा (संवाद)। निधि आपके निकट 2.0 के तहत डिस्ट्रिक्ट आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन कासना के एशियन पेंट्स इंडिया लिमिटेड परिसर में किया गया। इसका उद्देश्य कर्मचारी भविष्य निधि संगठन से जुड़े नियोक्ताओं, अंशदाताओं, पेंशनर्स और सदस्यों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना व विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ बताना रहा।
कार्यक्रम में विभागीय टीम ने शिकायतों के निस्तारण के लिए जीवन प्रमाण-पत्र, सदस्य प्रोफाइल अपडेट और ई-नामांकन से संबंधित डेस्क लगाए। जहां लोगों को तुरंत सहायता दी गई। कार्यक्रम का संचालन प्रवर्तन अधिकारी बृजेश मीणा ने किया। उनके साथ लेखा अधिकारी दीपक सरोज व सामाजिक सुरक्षा सहायक रवि वर्मा भी उपस्थित रहे। प्रवर्तन अधिकारी ने नियोक्ताओं व कर्मचारियों को भविष्य निधि योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी दी।