- लखनऊ लाइब्रेरी अग्निकांड के बाद बढ़ी छात्रों की संख्या के बाद शासन स्तर से भेजीं नई बेंच
- बायोमेट्रिक सिस्टम के जरिए देखी जाएगी छात्रों की संख्या, उसके अनुसार बढ़ेगी सुविधाएं
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिला लाइब्रेरी में सीटिंग क्षमता बढ़ा दी गई है। पहले जहां 60 से 65 छात्र ही बैठकर पढ़ाई कर पाते थे, वहीं अब करीब 80 से 85 छात्रों के बैठने की व्यवस्था हो गई है। शासन स्तर से भेजी गई नई बेंचों के बाद यह सुविधा बढ़ाई गई है।
जिला लाइब्रेरी में इन दिनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। छात्र निजी लाइब्रेरी की जगह सरकारी पुस्तकालयों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प मान रहे हैं। इसी को देखते हुए शासन की ओर से लाइब्रेरी के लिए अतिरिक्त बेंच उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके अलावा जिला लाइब्रेरी में व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम भी शुरू किया गया है। इसके माध्यम से प्रतिदिन लाइब्रेरी आने वाले छात्रों की संख्या का रिकॉर्ड तैयार होगा। यह जानकारी शासन स्तर तक भी पहुंच सकेगी, जिससे लाइब्रेरी में आने वाले पाठकों की संख्या और जरूरतों का आकलन किया जा सकेगा।
अभ्यर्थियों का कहना है कि सुरक्षित माहौल और बेहतर सुविधाएं मिलने से वे जिला लाइब्रेरी में पढ़ाई को प्राथमिकता दे रहे हैं। सीटों की संख्या बढ़ने से अब अधिक छात्रों को एक साथ बैठकर पढ़ाई करने का मौका मिलेगा।
हाल ही में जिलाधिकारी ने जिला लाइब्रेरी के समय में बदलाव और इसे अधिक समय तक संचालित करने को लेकर भी निर्देश दिए थे। इसके बाद लाइब्रेरी की सुविधाओं को बढ़ाने पर काम किया जा रहा है।
लाइब्रेरी के प्रभारी रघुराज भाटी ने बताया कि शासन स्तर से नई बेंचें आई हैं, जिससे लाइब्रेरी की क्षमता बढ़ी है। धीरे-धीरे अन्य सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही है।