पिछले कुछ दिनों में 29 से ज्यादा विद्यार्थियों ने ली सदस्यता
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। 12वीं की परीक्षाएं खत्म होने और गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही सेक्टर-12 स्थित डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी छात्रों के लिए पढ़ाई के लिए पसंदीदा केंद्र बना हुआ है। बीते कुछ दिनों में यहां 29 से अधिक नए विद्यार्थियों ने सदस्यता ली है, जिसके बाद लाइब्रेरी के कुल सदस्यों की संख्या बढ़कर 252 हो गई है। खास बात यह है कि पिछले तीन से चार महीनों में लाइब्रेरी से जुड़ने वाले छात्रों की संख्या लगातार बढ़ी है।
लाइब्रेरी इंचार्ज सीमा गुप्ता ने बताया कि अप्रैल 2011 में सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में इस पुस्तकालय की शुरुआत हुई थी। लाइब्रेरी में यूपीएससी, जेईई, नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित किताबें उपलब्ध हैं। एनसीईआरटी की पुस्तकों के साथ-साथ विभिन्न विषयों की रेफरेंस बुक्स और प्रसिद्ध लेखकों की किताबें भी यहां हैं। पिछले एक साल में यहां पढ़ाई करने वाले कई छात्रों का चयन सरकारी नौकरियों में हुआ है। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में भी पुस्तकालयों के प्रति बढ़ता रुझान एक सकारात्मक संकेत है।