जिम्स में खुलेगा जिले का पहला सुपर स्पेशियलिटी क्लीनिक
संदीप वर्मा
ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) अस्पताल में जल्द ही अन्य सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों की तरह सुपर स्पेशियलिटी क्लीनिक बनेगा। जिले के पहले सुपर स्पेशियलिटी क्लीनिक में दिल्ली-एनसीआर के कई बड़े अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों को परामर्श देंगे। खास बात यह है कि इसके लिए मरीजों से कोई चार्ज नहीं वसूला जाएगा। ओपीडी के साधारण पर्चे पर विशेषज्ञों से परामर्श हासिल करने मौका मिलेगा।
कोविड अस्पताल घोषित होने के बाद संस्थान फिलहाल यहां ओपीडी सुविधाएं बंद कर टेली कॉलिंग आदि माध्यमों से मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है। हालांकि अस्पताल प्रशासन नॉन कोविड अस्पताल घोषित हो जाने के बाद मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की बेहतरी का प्रयास में जुट गया है। सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी सुविधा शुरू करने के लिए दिल्ली-एनसीआर के कई सरकारी और निजी अस्पतालों के डॉक्टरों से बातचीत कर ली गई है। खास बात यह है कि शहर के कई मल्टी स्पेशियलिटी और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में जो डॉक्टर बैठते हैं उनमें से कुछ यहां अपनी सेवाएं देंगे।
-
दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी
अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे के बीच चलाई जाएगी। अस्पताल के डॉक्टर सुबह ओपीडी करेंगे तो शाम को सुपर स्पेशियलिटी के डॉक्टर ओपीडी में परामर्श देंगे। इससे अस्पताल में मरीजों की ओपीडी भी अधिक होगी और गंभीर मरीजों के लिए बेहतर उपचार भी मिलेगा।
पीजीआई के समकक्ष सुविधाएं देने का प्रयास
मेडिकल कॉलेज के अस्पताल को लखनऊ पीजीआई सरीखे अस्पताल बनाने की कवायद जारी है। इसके लिए जहां जिम्स प्रशासन ने कमर कस ली है। वहीं, शासन की ओर से भी सभी कमियों को पूरा करने के लिए जल्द से जल्द उपकरण और सुविधाएं मिल रही हैं। एक वर्ष पहले ही शुरू हुए मेडिकल कॉलेज में स्नातक के साथ-साथ मेडिकल परास्नातक की भी पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
कोट
जिम्स में सुपर स्पेशियलिटी क्लीनिक शुरू करने की योजना है। जिम्स को नॉन कोविड अस्पताल घोषित होते ही सुपर स्पेशियलिटी क्लीनिक शुरू करेंगे। इसकी तैयारी की जा रही है। इन्हें साधारण मरीजों के पर्चे पर भी परामर्श दिया जाएगा। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल से आने वाले विशेषज्ञ डॉक्टर को एक विजिट के लिए कुछ राशि (आने-जाने का खर्चा) जिम्स स्वयं अदा करेगा। - ब्रिगेडियर डॉ. राकेश कुमार गुप्ता, निदेशक जिम्स