-
फ्लैट खाली कराने को लेकर विवाद, 30 जून तक का अल्टीमेट
-बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र की इंजीनियर पार्क सोसाइटी का मामला, किरायानामा खत्म होने पर भी फ्लैट खाली नहीं करने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ओमेगा वन स्थित इंजीनियर्स पार्क सोसाइटी में मालिक और किराएदार के बीच फ्लैट खाली करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि करार खत्म होने के बाद भी किराएदार फ्लैट खाली नहीं कर रहा हैं। विवाद बढ़ने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में बैठक हुई। जिसमें 30 जून तक फ्लैट खाली करने का अल्टीमेट दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष के बीच समझौता हो गया है।
पाली गांव निवासी यशपाल ने तीन माह पहले इंजीनियर्स पार्क सोसाइटी में 1.30 करोड़ रुपये में अलीगढ़ निवासी उमा प्रसाद से खरीदा था। रजिस्ट्री के समय फ्लैट में किराएदार सादाब जफर के रहने की जानकारी दी थी। रजिस्ट्री होने के बाद यशपाल ने किराएदार को फ्लैट खाली करने के लिए बोला था। तब किराएदार ने कुछ समय मांगा था। आरोप है कि कई बार नोटिस देने के बाद भी किराएदार फ्लैट को खाली नहीं कर रहा है। शनिवार को पीड़ित अपने परिवार के साथ सामान लेकर सोसाइटी पहुंच गए और दूसरे फ्लोर पर अपना सामान रख दिया। यह किराएदार को नागवार गुजरा। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित का कहना है कि सोसाइटी के कुछ लोगों ने किराएदार को भड़का दिया। जिस पर उसने अभद्रता की और बिजली व पानी की आपूर्ति बंद कर दी। वहीं, फ्लैट मालिक के समर्थन में भी काफी लोग वहां पहुंच गए। विवाद को बढ़ने पर पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तनाव पूर्ण माहौल को देखकर पीएसी तक तैनात कर दी गई है।
बैठक के बाद 30 जून पर बनी सहमति
काफी विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्ष को शांत कराया और फिर उनके बीच वार्ता कराई गई। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के सदस्य फतेह नागर व अंशुमान नागर भी पहुंच गए। बैठक में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। किराएदार को 30 जून तक फ्लैट खाली करने का समय दिया गया है।