लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने से रोकने पर विवाद
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज-1 सोसाइटी में लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने से रोकने पर युवक और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
युवक का आरोप है कि वह सोसाइटी परिसर में लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने पहुंचा था। इसी दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचे और उसे कुत्तों को खाना खिलाने से रोक दिया। युवक का कहना है कि एक सुरक्षाकर्मी ने उससे कहा कि यदि खाना रखा तो उसे उठाकर फेंक दिया जाएगा। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हो गई। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में लावारिस कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि सोसाइटी के अंदर खाना खिलाया जा रहा है, जबकि यह नियमों के खिलाफ है। लोगों का कहना है कि कई बार कुत्तों के हमलावर होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिसके कारण अकेले बाहर निकलने में परेशानी होती है। ब्यूरो