- पालतू कुत्ते के काटने और लावारिस कुत्तों को पकड़ने के विरोध में झगड़ा, पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुत्तों से जुड़े विवादों ने मारपीट का रूप ले लिया। एक मामले में पालतू कुत्ते के काटने का विरोध करने पर पड़ोसी पर मारपीट का आरोप लगा, जबकि दूसरे मामले में आवारा कुत्तों को पकड़ने पहुंचे प्राधिकरण की टीम के दौरान हुए विवाद में महिला से अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया। दोनों मामलों में पुलिस ने न्यायालय के आदेश और शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र की मधूबन विहार स्थित खुशीराम कॉलोनी का है। मधूसूदन शाह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 मई 2026 को पड़ोसी वीरेंद्र चंद के पालतू कुत्ते ने उनकी पत्नी को काट लिया था। घटना के बाद जब वे अपनी पत्नी के साथ शिकायत करने उनके घर पहुंचे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी, जिसमें उनकी पत्नी घायल हो गई। मामले में पहले एनसीआर दर्ज हुई थी। बाद में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
दूसरा मामला ग्रेनो वेस्ट की महागुन माईवुड्स सोसाइटी का है। एनिमल वेलफेयर कमेटी की सदस्य रेनू धीर ने आरोप लगाया कि 16 मई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम लावारिस कुत्तों को पकड़ने पहुंची थी। इसी दौरान सोसाइटी के दो निवासियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उनका मोबाइल भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बिसरख पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों थाना प्रभारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।