लाइटर मांगने पर विवाद, युवक और उसके साथियों से मारपीट
नोएडा। सेक्टर-38ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल के एक बार में लाइटर मांगने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घायल युवक के भाई की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
दिल्ली के प्रहलादपुर स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी निखिल पासवान ने पुलिस से शिकायत की है कि 14 जून को उनका भाई सौरभ पासवान अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-39 क्षेत्र स्थित मौसम बार एंड रेस्टोरेंट में पार्टी करने आया था। पार्टी के दौरान वहां मौजूद विक्रम आदित्य ने उससे लाइटर मांगा। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया। इस दौरान विक्रम आदित्य और उसके साथ मौजूद दो-तीन लोगों ने युवक और उसके दोस्तों के साथ गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के दौरान पीड़ित को चेहरे और हाथ में चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल युवक ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो